नैनीताल। बुधवार को नैनीताल सहित पर्वतीय क्षेत्रों में सुबह से ही बादल छाने से तापमान में भारी गिरावट आ गई। दिन शुरू होने के साथ ही यहां कभी-कभी धूप भी खिलने लगी। इन दिनों ठंड बढने के साथ ही लोगों ने हीटरों का इस्तेमाल शुरू कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में नैनीताल सहित पहाड़ी क्षेत्रों में वर्षा हो सकती है। इन दिनों नैनीताल में विदेशी सैलानियों के साथ ही शैक्षणिक दल भी काफी संख्या में पहुंच रहे है। नैनीताल पहुंचे सैलानियों ने मौसम का जमकर आनंद उठाया। इन दिनों सुबह और सांय ठंड में काफी इजाफा हो गया है। नैनीताल व आसपास के क्षेत्रों से सैलानियों की वापसी होने लगी है। नैनीताल पहुंचे ठंड के चलते पर्यटकों ने गर्म कपड़े दस्ताने मफलर, टोपी की जमकर खरीदारी की गई। नैनीताल पहुंचे सैलानियों ने वादियों की सैर कर बदलते मौसम का खूब आनंद उठाया। नगर के माल रोड समेत तिब्बती, भोटिया, पालिका समेत तल्लीताल व मल्लीताल की बाजारों से पर्यटकों ने खरीददारी की। नैनीताल पहुंचे लोगों ने नौकायन का भी आनंद उठाया। नैनीताल के अलावा बंगाली व गुजराती सैलानियों की नैनीताल के हिमालय दर्शन, सडियाताल, स्नो व्यू, सहित अन्य स्थानों में भी आमद देखी जा रही है। जीआईसी स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी प्रताप सिंह बिष्ट की मानें तो बुधवार को अधिकतम तापमान 13.5 तथा न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता अधिकतम 86 व न्यूनतम 58 प्रतिशत रिकार्ड की गई। नियंत्रण कक्ष के प्रभारी रमेश सिंह गैड़ा ने बताया कि जलस्तर छह फीट नौ इंच पर स्थिर है।
बर्फबारी से कई स्थानों पर मार्ग अवरुद्ध
हल्द्वानी। उत्तराखंड के पर्वतीय और ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फवारी के कारण कई स्थानों पर मार्ग अवरुद्ध हो गये हैं। बर्फबारी के कारण पूरे राज्य में ठंड बढ़ गई है। उत्तरकाशी जिला आपदा परिचालन केन्द्र के प्रभारी अधिकारी देवेंद्र सिंह पटवाल ने बताया कि सीमा सड़क संगठन (बीआरओ), भटवाड़ी के अनुसार, भैरवघाटी से गंगोत्री तक बर्फवारी के कारण मार्ग अवरुद्ध हैं। वर्तमान में भैरवघाटी, गंगोत्री क्षेत्रों में हल्की बर्फवारी हो रही है, जबकि यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात हेतु सुचारू है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में जानकीचट्टी, यमुनोत्री एवं तहसील क्षेत्रों में घने बादल लगे हैं। चमोली की निजमुला घाटी में सुबह से हल्की बर्फबारी हो रही है। औली में सुबह से अच्छी बर्फबारी हो रही है। देहरादून, मसूरी, हरिद्वार, पौड़ी, अल्मोड़ा और नैनीताल में भी बादल छाए हैं, जबकि पिथौरागढ़ में बूंदाबांदी हो रही है। इससे पूरे राज्य में ठंडक का प्रकोप बढ़ गया है। लोग जगह-जगह अलाव जलाकर ठंडक दूर करने का प्रयास कर रहे हैं।