देहरादून। बल्लूपुर फ्लाईओवर पर डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार कैंटरिंग संचालक की मौत हो गई, जबकि बाइक में पीछे बैठा दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का दून अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने शव को मोर्चरी में भिजवाया है।
एसओ वसंत विहार नत्थीलाल उनियाल ने बताया कि सोमवार की सुबह साढ़े चार बजे रघुवीर शर्मा (25)पुत्र रोलू राम शर्मा निवासी अटाल तहसील त्यूणी हाल निवासी इंदिरा कालोनी चक्खुवाला और रितिक तोमर (24)पुत्र कुंवर सिंह निवासी चकराता कैंटरिंग के कार्य के चलते बाइक से प्रेमनगर झाझरा की ओर जा रहे थे। वहां दोनों को एक पार्टी में भोजन की व्यवस्था करनी थी। बल्लूपुर फ्लाईओवर पर बाइक सवार अपने आगे चल रहे डंपर की चपेट में आ गए। इस हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां से गुजर रहे लोगों ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे कैंट थाने के पुलिसकर्मियों ने 108 की मदद से घायलों को दून अस्पताल भिजवाया। यहां चिकित्सकों ने रघुवीर को मृत घोषित कर दिया, जबकि रितिक का दून अस्पताल में उपचार चल रहा है। इस बीच कैंट पुलिस ने सूचना वसंत विहार पुलिस को दी। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने पंचायत नामा भरने की कार्रवाई की। एसओ ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचित किया गया है। परिजन अस्पताल पहुंच गए हैं।
सड़क हादसे में रघुवीर की मौत होने से कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि रघुवीर और रितिक ने देहरादून स्थित एक इंस्टीट्यूट से होटल मैनेजमेंट का कोर्स किया था। दोनों ने कोर्स करने के बाद एक साथ कार्य शुरू किया था। रघुवीर की मौत की खबर सुनकर परिवारवाले दून पहुंचे और उनका रो रोकर बुरा हाल था। रिश्तेदारों ने किसी तरह रघुवीर के परिवार के लोगों को ढांढस बंधाया।

By उत्तराखंड संवाद भारती

उत्तराखंड संवाद भारती उत्तराखंड सहित देश-दुनिया की ताज़ा, निष्पक्ष और जनहित से जुड़ी खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed