देहरादून। मौजूदा वक्त में कोरोना वायरस से हर इंसान जंग लड़ रहा है। देश के तमाम सक्षम लोगों ने इस मुसीबत की घड़ी में आर्थिक मदद की है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े संगठन सेवा भारती भी उत्तराखण्ड में जरूरतमंदों तक भोजन और राहत सामग्री पहुंचाने के साथ कोरोना वॉरियर्स को सम्मानित कर रही है।
सेवा भारती ने उत्तराखण्ड में कुल 85,701 स्थानों पर कोविड-19 सेवा शुरू की है। सेवा भारती घरों में बना हुआ मॉस्क लोगों के बीच बांट रही है, अब तक 62,81,117 माॅस्क बांट गये है, इसके अलावा सेवा भारती, उत्तराखण्ड की तरफ से 1,10,55,450 राशन किट और 7,11,46,500 भोजन के पैकेट भी वितरित किये गये हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तराखण्ड प्रांत के सह प्रचार प्रमुख श्री संजय कुमार तथा सेवा भारती के प्रान्त सेवा प्रमुख श्री पवन ने बताया, “अब तक कुल मिलाकर 13,30,300 अन्य जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचायी जा चुकी है और इस काम में सिर्फ में 4,79,949 कार्यकर्ता लगाए गए है। इसके अलावा स्वयंसेवकों द्वारा 39,851 यूनिट रक्तदान किया गया है। 27,98,091 प्रवासी श्रमिकों को सहायता दी गयी है। 1,31,443 लोगों को होम स्टे में रखा गया तथा 1,36,867 घुमन्ती लोगों को सहायता दी गयी है।’’
सेवा भारती एवं संघ के जुड़े स्वयंसेवकों द्वारा कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। देहरादून महानगर में संघ के स्वयंसेवकों द्वारा सड़क पर स्लोगन तथा बचाव के उपाय लिखकर जागरूकता के लिए काम किया जा रहा है। सेवा भारती की उत्तराखण्ड इकाई ने कहा कि सफाई कर्मी, स्वास्थ्य कर्मी और पुलिस ऐसी विपरीत परिस्थितियों में अपना का काम कर रहे हैं और समाज की मदद करने के लिए अपनी जान खतरे में डाल रहे हैं। संघ के स्वयंसेवक भी प्रशासन के साथ कंधे से कंधे मिलकर चल रहे हैं।