24 Aug 2025, Sun

पति की हत्या में पत्नी सहित तीन गिरफ्तार

देहरादून। अवैध सम्बन्धों में रोड़ा बन रहे पति को रास्ते से हटाने के लिए महिला ने प्रेमी का सहारा लेते हुए उसकी हत्या करा दी। पुलिस ने घटना का मात्र कुछ घंटो में ही खुलासा करते हुए इस हत्या में शामिल पत्नी व उसके प्रेमी सहित एक हिस्ट्रीशीटर को भी गिरफ्तार कर लिया है।
 मिली जानकारी के अनुसार बीते रोज थाना सहसपुर पुलिस को सूचना मिली कि शेरपुर स्थित पावर ग्रिड के समीप एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। जिसकी गला घोटकर हत्या किया जाना प्रतीत हो रहा है। सूचना पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने बताये गये स्थान से उक्त शव को बरामद कर लिया। मृतक के परिजनों द्वारा बताया गया कि मृतक फूलचंद मजदूरी करता था तथा रात दस बजे घर से निकला और वापस नहीं आया। शुक्रवार की सुबह उसका शव बरामद हुआ है। इस बीच मृतक के बड़े भाई ने पुलिस को बताया कि मृतक फूलचन्द की पत्नी के एक व्यक्ति अशोक के साथ अवैध सम्बन्ध है और इसी के चलते उन्होने उसकी हत्या करा दी है। मामले की गम्भीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि अशोक इन दिनो क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर शमीम निवासी छोटा रामपुर से सम्पर्क में है। साथ ही जानकारी मिली कि मृतक जिस दिन लापता हुआ उसके साथ बाइक सवार एक व्यक्ति और भी था और जो स्कार्पफ घटनास्थल पर मिला है वह उक्त व्यक्ति के गले में था। इस पर पुलिस ने जांच का दायरा आगे बढ़ाते हुए हत्या में शामिल अशोक, शमीम व मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। जिन्होने पूछताछ में बताया कि अवैध सम्बन्धों में बाधक बनने पर फूलचंद की हत्या करायी गयी है। जिसके लिए हिस्ट्रीशीटर शमीम को 38 हजार रूपये में तैयार किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *