नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम के साथ-साथ एशियन गेम्स 2026 के लिए भी टीम का ऐलान कर दिया है। चयन समिति ने कई बड़े फैसले लेते हुए श्रेयस अय्यर को भारतीय टी20 टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है, जबकि तिलक वर्मा को उपकप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। टीम चयन में सबसे बड़ा झटका पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव को लगा है। बीसीसीआई ने न केवल उनसे कप्तानी वापस ले ली, बल्कि उन्हें टी20 टीम से भी बाहर कर दिया। वहीं, स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को भी टी20 टीम में जगह नहीं मिली है। हालांकि मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने स्पष्ट किया कि हार्दिक इंग्लैंड के खिलाफ वनडे टीम का हिस्सा रहेंगे और उनके प्रदर्शन के आधार पर भविष्य में चयन पर विचार किया जाएगा। वैभव सूर्यवंशी और प्रिंस यादव की चमकी किस्मत टीम चयन में सबसे ज्यादा चर्चा 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर हो रही है। आईपीएल 2026 में धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले वैभव को पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने 14 मैचों में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीती थी और पूरे सीजन में गेंदबाजों पर जमकर कहर बरपाया था। वैभव के अलावा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को भी पहली बार राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है। लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते हुए उन्होंने आईपीएल 2026 में 16 विकेट झटके थे, जिसके बाद चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा जताया। सचिन का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं वैभव महज 15 साल की उम्र में भारतीय टीम में जगह बनाकर वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास रच दिया है। वह भारत की राष्ट्रीय टीम में चुने जाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं। यदि उन्हें आयरलैंड या इंग्लैंड दौरे पर पदार्पण का मौका मिलता है, तो वह भारत के लिए सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर सकते हैं। यह रिकॉर्ड फिलहाल सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है, जिन्होंने 16 साल 205 दिन की उम्र में पाकिस्तान के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। अय्यर की कप्तानी पर अगरकर ने जताया भरोसा मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने कहा कि श्रेयस अय्यर लंबे समय से इस जिम्मेदारी के हकदार थे। उन्होंने बताया कि अय्यर ने लगातार शानदार प्रदर्शन किया है और कप्तान के रूप में भी अपनी क्षमता साबित की है। अगरकर ने कहा, “श्रेयस का टी20 टीम से बाहर होना हैरान करने वाला था, लेकिन उन्होंने अपनी मेहनत और प्रदर्शन के दम पर वापसी की है। बल्लेबाजी के अलावा कप्तान के तौर पर उनका रिकॉर्ड भी शानदार रहा है।” एशियन गेम्स टीम में भी वैभव को मौका बीसीसीआई ने एशियन गेम्स 2026 के लिए भी 16 सदस्यीय टीम की घोषणा की है। इस टीम की कमान भी श्रेयस अय्यर के हाथों में होगी। खास बात यह है कि वैभव सूर्यवंशी को इस टीम में भी जगह मिली है, जबकि अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वापसी ने टीम को और मजबूत बना दिया है। आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, नितीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, वरुण चक्रवर्ती, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, प्रिंस यादव और वैभव सूर्यवंशी। एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह। टीम चयन के बाद सबसे अधिक चर्चा युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर हो रही है। अब क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या यह युवा खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी आईपीएल जैसी सफलता दोहरा पाएगा। Post navigation उत्तरकाशी की बेटी महक चौहान का भारतीय सीनियर महिला रग्बी टीम में चयन