देहरादून। 72वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजपथ नई दिल्ली में उत्तराखंड राज्य की ओर से केदारखंड की झांकी प्रदर्शित की गई। इसमें केदारनाथ मंदिर और कस्तूरी मृग की झलक देखने मिली। पूरे देश की झांकियों में से उत्तराखण्ड की झांकी को तीसरा पुरस्कार प्राप्त हुआ। उत्तराखंड राज्य गठन के बाद पहली बार उत्तराखंड की झांकी पुरस्कार के लिए चुनी गई। 20 वर्षों में राजपथ पर उत्तराखंड की 12 झांकियां निकली हैं।
केंद्रीय राज्यमंत्री किरण रिजिजू ने बृहस्पतिवार को यह पुरस्कार दिया। राज्य की ओर से यह पुरस्कार सांस्कृतिक दल के लीडर केएस चौहान ने प्राप्त किया। इस बार राम मंदिर की थीम पर उत्तरप्रदेश की झांकी को पहला स्थान मिला, जबकि ओडिशा की झांकी दूसरे स्थान पर रही।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उत्तराखंड की झांकी को पुरस्कार मिलने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा उत्तराखंड देवभूमि है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में 2013 की आपदा के बाद केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण कर इसे पहले से भी अधिक भव्य रूप प्रदान किया गया है।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजपथ पर निकली उत्तराखंड के केदारनाथ की झांकी को संपूर्ण देश में तृतीय स्थान प्राप्त होने पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने उत्तराखंड के लोक कलाकारों व सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के उपनिदेशक के एस चौहान को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा है कि केदारनाथ संपूर्ण देश के लिए आध्यात्म एवं आस्था का बड़ा केंद्र है। केदारनाथ पर आधारित झांकी का संपूर्ण देश में तीसरे स्थान पर आना उत्तराखंड के लिए गौरव के क्षण है।