14 Sep 2025, Sun
देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने कहा है कि सरकार जल्द युवा आयोग का गठन करने जा रही है। स्वामी विवेकानंद की 158वीं जयंती के अवसर पर आयोजित युवा चेतना दिवस समारोह में सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रदेश भर के युवाओं से वुर्चअल संवाद किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य युवा आयोग का गठन जल्द किया जाएगा, इसके लिए बजट में प्राविधान किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद भारतीय संस्कृति के नायक थे। स्वामी विवेकानंद ने उत्तराखण्ड के अल्मोड़ा जनपद, बागेश्वर और अगस्त्यमुनी से जुड़े स्मरणों का विस्तार से वर्णन किया है। उत्तराखण्ड से स्वामी विवेकानन्द जी का विशेष लगाव था। सीएम ने कहा कि युवाओं के साथ संवाद में बहुत अच्छे सुझाव मिले हैं।
उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को प्राप्त सुझावों को संकलित करने को कहा। युवाओं के विचार सरकार के लिए नीतिगत निर्णय लेने में मददगार साबित होंगे। सीएम ने कहा कि राज्य सरकार स्वरोजगार पर विशेष ध्यान दे रही है। युवाओं को रोजगार तक ही सीमित न रहकर अपने साथ अन्य लोगों को रोजगार से जोड़ना होगा। शिक्षा मंत्री अरविन्द पाण्डेय ने कहा कि राज्य में प्रत्येक विकासखण्ड में दो अटल उत्कृष्ट विद्यालय इसी शैक्षिक सत्र से प्रारंभ हो जाएंगे। इसी क्रम में खेल नीति भी जल्द प्रकाशित होने वाली है।
इस मौके पर उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर मंगलवार को प्रदेश भर में 127 स्थानों पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस बीच 23 जनवरी तक 125 स्थानों पर ब्लड डोनेशन कैम्प भी आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए जल्द मुख्यमंत्री रिसर्च फैलो पुरस्कार शुरू किया जा रहा है। जरूरतमंद छात्रों को आईएएस- पीसीएस कोचिंग के लिए सरकार एक करोड़ रुपए स्वीकृत कर चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *