30 Jun 2025, Mon
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार और शनिवार को जनपदों के भ्रमण/प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री जनपदों में संचालित विकास योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण के साथ ही विकास योजनाओं एवं मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं की समीक्षा भी करेंगे। उत्तराखंड में विकास कार्यों की निगरानी और आम जनता की समस्याओं से रूबरू होने के लिए सीएम पुष्कर सिंह धामी हर हफ्ते दो दिन हर जिले में जाकर रात्रि प्रवास करेंगे। फिलहाल शुक्रवार और शनिवार का दिन इसके लिए तय किया जा रहा है।
अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री  राधा रतूड़ी द्वारा जिलाधिकारियों को भेजे गये पत्र में कहा गया है कि भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री जनपद मुख्यालय के कॉलेज में छात्र-छात्राओं के साथ परिचर्चा कार्यक्रम में भी प्रतिभाग करेंगे। इस दौरान जिलास्तरीय समीक्षा बैठक भी आयोजित की जायेगी। अपर मुख्य सचिव ने निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि लोकार्पण एवं शिलान्यास के कार्यक्रमों की विधानसभावार धनराशि, जनपद की महत्वपूर्ण उपलब्धियों की संख्या, प्रस्तावित घोषणाओं की सूची एवं लागत, विवरण भ्रमण से पूर्व तैयार कर मुख्यमंत्री कार्यालय को भी उपलब्ध कराई जाए। यह अभियान भी सुशासन, विकास कार्यों में तेजी लाने के साथ-साथ जनता से सीधे जुड़ाव की मंशा से शुरू किया जा रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री विकास कार्यों की हकीकत भी देखेंगे। एसीएस राधा रतूड़ी के अनुसार निकट भविष्य में मुख्यमंत्री का हर सप्ताह भ्रमण का कार्यक्रम रहेगा। यथा संभव शुक्रवार और शनिवार के दिन सीएम जिलों में जाएंगे। हर जिले में जिला स्तरीय विभागों के साथ समीक्षा बैठकें की जाएंगी। कालेजों में छात्र-छात्राओं से मुख्यमंत्री संवाद भी करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *