भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री ज्ञान सिंह नेगी

देहरादून। राष्ट्रीय स्वयंसवेक संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवक, विद्या भारती के पूर्व प्रदेश निरीक्षक तथा उत्तराखंड सरकार में दायित्वधारी एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री रहे ज्ञान सिंह नेगी (75 वर्ष ) का मंगलवार को सुबह निधन हो गया। वे आशुतोषनगर ऋषिकेश में रहते थे तथा मूलरूप से टिहरी जिले के बेरणी के रहने वाले थे।

श्री नेगी संघ तथा विद्या भारती के कई दायित्वों पर रहे तथा वर्तमान में राज्य सरकार में उपाध्यक्ष राष्ट्रीय स्वास्थ्य एवं अनुसरण परिषद थे। श्री नेगी के निधन से संघ परिवार में शोक की लहर दौड़ पड़ी।
श्री नेगी का आज तड़के जौलीग्रांट स्थित हॉस्पिटल में सांस लेने में तकलीफ के चलते निधन हो गया। बताया जा रहा है कि स्वर्गीय ज्ञान सिंह नेगी कोरोना पॉजिटिव होने के चलते काफी दिनों से होम आइसोलेसन में थे लेकिन बीते सोमवार को सांस लेने में तकलीफ के चलते उन्हें जौलीग्रांट हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था। सिंह नेगी मृदुभाषी व मिलनसार नेताओं में शुमार थे। इमरजेंसी के दौरान ज्ञान सिंह नेगी डेढ़ साल जेल में रहे थे। वह विद्या भारती, जनसंघ और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे। भाजपा में भी प्रदेश महामंत्री, अनुशासन समिति के अध्यक्ष से लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहे। श्री नेगी का गढ़वाल और कुमाउं दोनों क्षेत्रों में संघ से जुड़ सभी लोगों से लम्बे समय से सम्पर्क था।

केन्द्रीय शिक्षा मंत्री डाॅ0 रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने श्री नेगी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर संदेश में कहा कि उत्तराखण्ड सरकार में राज्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री ज्ञान सिंह नेगी के निधन का समाचार सुनकर स्तब्ध हॅंू। पार्टी एवं संगठन में उनके साथ जुड़ाव के अलावा श्रीनगर में मेरे अध्यापन काल के दौरान उनका प्रधानाचार्य के रूप में भी मुझे लम्बे समय तक सानिध्य मिला। शांत, शालीन दृढ़निश्चयी एवं मृदुभाषी व्यक्तित्व के धनी श्री नेगी जी के आकस्मिक निधन से मूल्य आधारित राजनीति को अपूरणीय क्षति पहुंची है।

नेगी के निधन पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा उत्तराखंड के वरिष्ठ नेता एवं हमारी सरकार में दर्जाधारी राज्यमंत्री ज्ञान सिंह नेगी के निधन का समाचार सुनकर अत्यंत दुःख हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें व शोक संतप्त परिवार जनों को धैर्य प्रदान करें।

उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने भी भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री ज्ञान सिंह नेगी के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य एवं अनुसरण परिषद उत्तराखंड के उपाध्यक्ष ज्ञान सिंह नेगी के बारे में विधानसभा अध्यक्ष ने कहा है कि उन्होंने पार्टी के सच्चे सेवक के रूप में जीवन पर्यंत मूल्यों पर आधारित राजनीति की एवं संगठन को मजबूत करने में अपना विशेष योगदान दिया। उन्होंने समाज की सेवा में अपने कर्तव्यों का हमेशा निर्वहन किया। विधानसभा अध्यक्ष ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। संघ के प्रांत प्रचारक युद्धवीर सिंह, विद्या भारती के प्रदेश संगठन मंत्री भुवन चन्द्र ने भी श्री नेगी के निधन पर शोक व्यक्त किया है।