वांण (चमोली)। चमोली के देवाल ब्लॉक के वांंण गांव में लाटू देवता मंदिर के कपाट सोमवार को शुभमुहूर्त अपराह्न में पूर्ण विधि-विधान एवं धार्मिक अनुष्ठान के साथ खोले गये। इस अवसर पर उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज उपस्थित रहेे।

सोमवार सुबह से वाण स्थित लाटू मंदिर में लग्नानुसार मंदिर के पुजारी खीम सिंह ने पवित्र कुंड में स्नान कर आंख में पट्टी बांधकर मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश किया। मंदिर के पंडित उमेश चंद्र कुनियाल एवं रमेश कुनियाल द्वारा वेद मंत्रोच्चारण कर यज्ञ हवन कर मंदिर के कपाट खोले गए. इसके बाद देवनृत्य हुआ। कोविड महामारी के चलते इस बार कपाट खुलने के समय सीमित संख्या में ही ग्रामीण मौजूद रहे।

पर्यटन मंत्री श्री सतपाल महाराज ने लाटू देवता की पूजा अर्चना करते हुए प्रदेश और देश को कोरोना महामारी से बचाने की कामना की। उन्होंने आम जनता से भी कोविड के नियमों का पालन करने, शारीरिक दूरी बनाए रखने, नियमित रूप से मास्क पहनने और कोविड वैक्सीन जरूर लगवाने की अपील की। पर्यटन मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के विकास के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। हिमालयी महाकुंभ नंदा देवी राजजात यात्रा का ये आखिरी पड़ाव है, इसके बाद निर्जन पड़ाव शुरू हो जाते हैं। रूपकुंड, बेदनी बुग्याल और आली बुग्याल का बेस कैंप वाण गांव है।