14 Mar 2025, Fri

मुख्यमंत्री बोले न तो स्वयं चैन की नींद सोयेंगे और न अधिकारियों को सोने देंगे

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रदेश में सड़क एवं पुलों के निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।उन्होंने कहा कि कार्यों को निर्धारित समयवधि में पूरा करने के साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। कार्यों की गुणवत्ता में कोई शिकायत आई तो, संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसियों पर सख्त कार्यवाही की जायेगी। जनहित में अधिकारियों को कार्य संस्कृति एवं कार्य व्यवहार में सुधार लाना होगा साथ ही प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए हम सबको मिलकर प्रयास करने हैं। प्रदेश के विकास को गति देने के लिए वे न तो स्वयं चैन की नींद सोयेंगे और न अधिकारियों को सोने देंगे।”
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क एवं पुलों के निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों को तय समय पर पूरा करने के साथ ही गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यों की गुणवत्ता में शिकायत आई तो अधिकारियों व निर्माण एजेंसियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने तय समय पर काम न करने वाले ठेकेदारों को ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में अतिक्रमण को लेकर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। मीडिया से बातचीत में भी मुख्यमंत्री ने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा मार्ग को चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले ठीक करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा मार्गों पर लैंड स्लाइड जोन के लिए सात दिन में एक्शन प्लान बनाकर मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के सामने प्रस्तुत किया जाए।
लैंड स्लाइड जोन में पर्याप्त उपकरणों की व्यवस्था के साथ ही रिस्पांस टाइम को कम से कम किया जाए। इसके साथ ही ट्रीटमेंट कर स्थाई समाधान के प्रयास किए जाएं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सड़क व पुलों के शेष कार्यों की प्रगति रिपोर्ट 15 दिन में प्रस्तुत करने को कहा।
बैठक में मुख्यमंत्री ने ऑल वेदर रोड परियोजना की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि चारधाम परियोजना के तहत 889 किमी लम्बाई के 53 कार्यों में से 691 किमी के 41 कार्य पूरे हो चुके हैं। भारतमाला परियोजना के तहत सीमान्त क्षेत्रों के सामरिक दृष्टि से सड़कों को मजबूत करने के लिए 628 किमी की पांच सड़कों का चयन किया गया है।
योजना की समीक्षा बैठक में अधिकारियों के अधूरी तैयारी के साथ आने पर बैठक बीच में ही स्थगित कर दी। उन्होंने अधिकारियों को एक सप्ताह बाद, पिछले पांच सालों में हुए कार्यों व प्रगतिशील कार्यों की जानकारी के साथ आने के निर्देश दिए।
बैठक में कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी , मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु, अपर मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, सचिव श्री एस. ए. मुरूगेशन एवं संबधित अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सचिवालय में वन विभाग की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिये, कि गुलदार एवं अन्य वन्य जीवों के आक्रमण से मानव सुरक्षा के लिए विभिन्न विभागों के समन्वय से एक टास्क फोर्स बनाया जाय। मुख्यमंत्री श्री धामी ही कहा कि यदि किसी क्षेत्र में किसी बच्चे पर गुलदार हमला करता है, तो इसके लिए संबंधित क्षेत्र के वनाधिकारी एवं डीएफओ की जिम्मेदारी तय की जाय। गुलदार के मानव आक्रमण से संबंधित चिन्हित स्थानों के लिए एक्शन प्लान बनाया जाय साथ ही वन क्षेत्र में अवैध खनन एवं अवैध पातन पर सख्त कार्रवाई की जाय। वनाग्नि की घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी प्रयास किये जाएं। वनों के संरक्षण एवं वनाग्नि को रोकने के लिए वन विभाग द्वारा जन जागरूकता के साथ जन सहभागिता पर भी विशेष ध्यान दिया जाय और वनों के संरक्षण, भूस्खलन को कम करने के लिए वन विभाग द्वारा इनोवेटिव प्रयास किये जाएं। इनोवेटिव कार्यों के लिए वन विभाग के अधिकारियों को लक्ष्य दिया जाय। जंगली जानवरों से किसानों को नुकसान न हो, इसके लिए प्रभावी कार्य योजना बनाई जाय।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सचिव को समय पर कार्यालय न आने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी समय पर ऑफिस पहुंचे और ऑफिस टॉइम में पूर्ण मनोयोग से कार्य करें।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि जन समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। सभी अधिकारी जनता एवं जन प्रतिनिधियों के फोन अवश्य रिसीव करें। यदि किसी कारणवश फोन रिसीव न कर पायें तो कॉल बैक अवश्य करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *