देहरादून। तीन दिवसीय देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल का उद्घाटन शुक्रवार 11 अक्तूबर को मुख्य अतिथि पद्मभूषण रस्किन बांड और विशिष्ट अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री कर्नल (सेनि) राज्यवर्धन सिंह राठौर करेंगे।
पहले दिन उद्घाटन समेत कुल छह सत्र आयोजित किए जाएंगे। दोपहर साढ़े तीन से चार बजे तक उद्घाटन सत्र होगा। अगले सत्र में पद्मभूषण रस्किन बांड स्कूली बच्चों से संवाद करेंगे। शनिवार 12 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से शाम आठ बजे तक कुल 22 सत्र आयोजित होंगे। अंतिम दिन रविवार 13 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से शाम आठ बजे तक 17 सत्र होंगे।
इस दौरान कई किताबों का विमोचन और पुस्तक चर्चा भी होगी। साथ ही साहित्य और लेखन से जुड़े सत्र भी आयोजित होंगे। अंग्रेजी साहित्य के साथ ही हिंदी कविता और लेखन पर भी चर्चा होगी। आयोजन में मार्क टुली, करन थापर, इम्तियाज अली, रेखा भारद्वाज, विशाल भारद्वाज समेत कई नामी हस्तियां शामिल होंगी।