2 Jul 2025, Wed

दुनिया को आज हिन्दुत्व के एकात्म भाव की जरुरत : सुनील आम्बेकर

विश्व संवाद केंद्र लखनऊ के आॅनलाइन कार्यक्रम में बोले संघ के अ.भा. सह प्रचार प्रमुख
लखनऊ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख सुनील आम्बेकर  ने मंगलवार को कहा कि हिन्दुत्व में एकात्मता का भाव है। इस भावना में सभी के कल्याण की चिंता निहित है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया को हिन्दुत्व के इस एकात्म भाव की बहुत जरुरत है।
श्री आम्बेकर आज विश्व संवाद केंद्र लखनऊ द्वारा ‘हिन्दुत्व- एक शाश्वत परिकल्पना’ विषय पर आयोजित आॅनलाइन संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समानता और एकात्मता को समझने का तत्व ही हिन्दुत्व है। यह एक लोक कल्याण का मार्ग है।
उन्होंने कहा कि दुनिया में पांथिक आधार पर आतंक फैलाया जा रहा है। करीब एक हजार साल से समूचा विश्व इस विध्वंस का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि विध्वंस को फैलाने के लिए तकनीक का भी प्रयोग किया जा रहा है।
संघ के सह प्रचार प्रमुख ने कहा कि विध्वंसकारी शक्तियों से परेशान होकर आज पूरी दुनिया को एक ऐसे राष्ट्र की जरुरत है जो हिन्दुत्व के भाव पर हो और उसकी शक्ति लोक कल्याण के लिए हो। उन्होंने कहा कि हिन्दुत्व भाव के साथ वाली शक्ति विध्वंस के लिए नहीं बल्कि समृद्धि और कल्याण के लिए होती है।
श्री आम्बेकर  ने अपने संबोधन के दौरान आद्य शंकराचार्य से लेकर स्वामी विवेकानंद तक और उसके बाद के तमाम ऋषियों और संतो का उदाहरण देते हुए कहा कि इन महापुरुषों ने भी हिन्दुत्व के इस तत्व को अपने-अपने भाव में व्यक्त किया।
उन्होंने अपने संबोधन में विज्ञान की शक्ति और उसकी आवश्यकता पर भी बल दिया। लेकिन, यह भी कहा कि विज्ञान की शक्ति बहुत हद तक उसकी संगति से निर्धारित होती है। उन्होंने कहा कि विज्ञान जब आध्यत्म की संगति करता है तो उसका स्वरुप असीमित, समग्र और समन्वयक हो जाता है। लेकिन दूसरी तरफ विज्ञान की संगति यदि राजनीति से हो जाती है तो यह सीमित हो जाता है। इसमें अपनों की संख्या कम और परायों की संख्या अधिक हो जाती है।
श्री आम्बेकर ने कहा कि हिन्दुव समाज को जोड़ने का काम करता है। यही इसका शाश्वत स्वरुप है। उन्होंने कहा कि इसमें जातीयता के आधार पर विभाजन नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत में विभिन्नता है, जिसपर लोग विभिन्नता में एकता की बात करते हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि हम एक ही हैं लेकिन विविध रुप में प्रकट होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *