26 Oct 2025, Sun

दस लाख मास्क बनायेगी भाजपाः अजेय

देहरादून। प्रधानमंत्री श्री मोदी के आह्वान पर प्रदेश भाजपा ने फेस कवर निर्माण व वितरण के लिए युद्ध स्तर पर अभियान छेड़ दिया है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री अजेय ने आज महानगर में विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर मास्क निर्माण कार्य का जायजा लिया।

प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा जनता के नाम संदेश से लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधन में तक कोरोना वायरस से संक्रमण से बचने के लिए लगातार फेस कवर का उपयोग करने का आह्वान किया जा रहा है। आज मन की बात कार्यक्रम के दौरान एक बार फिर प्रधानमंत्री ने फेस कवर के इस्तेमाल को लेकर लोगों से आग्रह किया। प्रधानमंत्री के आग्रह के क्रम में भाजपा द्वारा प्रदेश भर में महिला कार्यकर्ताओं को फेस कवर निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री अजेय ने आज राजधानी में देहरादून में चल रहे कुछ फेस कवर निर्माण केंद्रों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने फेस कवर को अपरिहार्य मानते हुए इसे सभ्य समाज की पहचान के रूप में बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रदेश में 10 लाख फेस कवर निर्माण का लक्ष्य रखा है। अकेले देहरादून महानगर के 1.5 लाख फेस कवर निर्माण किए जाने हैं। उन्होंने बताया कि राजधानी में अब तक लगभग 50,000 मास्क बन चुके हैं। उन्होंने प्रधानमन्त्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर फेस कवर निर्माण में जुटीं प्रदेश की सभी महिला कार्यकर्ताओं का धन्यवाद भी व्यक्त किया।

इधर, भाजपा ने लॉक डाउन के दौरान जरूरतमदों की मदद के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में शनिवार तक 16,66,195 भोजन पैकेटों का वितरण किया। इसके साथ ही 1,82,898 लाख सूखे राशन व अन्य जरूरी सामग्री के पैकेट वितरित किए हैं। पार्टी द्वारा प्रदेश में 28 मार्च से यह अभियान चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *