कारगिल विजय शौर्य दिवस को मनाते समय प्रत्येक भारतीय को राष्ट्रीय जीवन मूल्यों को नई दिशा प्रदान करने एवं देश की एकता और अखंडता को अक्षुण रखने की लेनी होग शपथ लेनी होगी..
1999 का कारगिल युद्ध भारतीय सेना के पराक्रम और शौर्य की अमर और अमिट गाथा है,जिसे भुलाया नहीं जा सकता है। आज से 25 वर्ष पर्व भारतीय पराक्रमी सैनिकों ने पाकिस्तानी सेना का मुंहतोड़ जवाब देकर अद्भुत विजय हासिल की।
कारगिल युद्ध कई मायनों में अलग था। यह युद्ध इसलिए भी अलग था,क्योंकि सीमा पर तैनात सैनिकों को यह पता नहीं था कि दुश्मन कितनी संख्या में है और किस प्रकार के हथियारों से लैस हैं। लेह लद्दाख की भारतीय सीमा को राज्य के उत्तरी इलाके से अलग करने के उद्देश्य से की गई इस घुसपैठ ने भारतीय सेना को चौंका दिया था।
यह घुसपैठ लगभग उस समय हुई जब भारत-पाकिस्तान के बीच चल रही तनातनी को कम करने के लिए दोनों देशों ने फरवरी, 1999 में लाहौर घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किए थे। इस समझौते के अनुसार दोनों देशों ने कश्मीर मुद्दे को आपसी बातचीत से सुलझाने पर सहमति बनाई, लेकिन पाकिस्तान ने धोखाधड़ी का अपना स्वभाव नहीं छोड़ा और अपने सैनिकों को चोरी-छिपे नियंत्रण रेखा पार कर भारत भेजना शुरू कर दिया। इसे पाकिस्तान ने ‘ऑपरेशन बद्र’ नाम दिया। इसके पीछे उसकी मंशा कश्मीर और लद्दाख के बीच की कड़ी को तोड़कर भारतीय सेना को सियाचिन ग्लेशियर से हटाना था।
भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी ने सीमा पार कर घुसपैठी पाकिस्तानी सेना की मंशा को पहचाना और तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। जिसे ‘ऑपरेशन विजय’ नाम दिया गया। उस लेह लद्दाख सीमा पर करीब दो लाख सैनिक मोर्चे पर भेजे गए थे। दुर्गम परिस्थितियों में भारतीय सेना की रणनीति, सेना के सभी अंगों के समन्वय और अद्भुत साहस के परिणामस्वरूप भारत को कारगिल विजय हासिल हुई। कारगिल विजय से यह सिद्ध हुआ कि भारतीय सेना के जवान सीमाओं की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने में हर समय तत्पर रहते हैं।
पिछले दिनों भारत पाक के बीच जिस तरह से विवाद बढ़ा इसके फलस्वरूप हमारी भारतीय सेना ने आपरेशन सिंदूर के माध्यम से पाक आतंकी ठिकानों पर हमला किया। ऑपरेशन सिंदूर का परिणाम स्वरूप भारत ने पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर सफलतापूर्वक हमला किया, जिससे पाकिस्तान के कई लॉन्चपैड नष्ट हो गए और आतंकवादियों को इसका भारी नुकसान हुआ। इस ऑपरेशन के बाद, भारत ने एक मजबूत संदेश दिया कि वह भारत के प्रति आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करेगा और आतंकवाद के खिलाफ अपनी कार्रवाई जारी रखेगा। भारतीय सेना का ऑपरेशन सिंदूर भारत की आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एक महत्वपूर्ण मोड़ था, जिसने न केवल आतंकवादियों को नुकसान पहुंचाया, बल्कि पाकिस्तान को भी एक कड़ा संदेश दिया।
ओपरेशन सिंदूर पर पाकिस्तान की बौखलाहट अकारण ही नहीं थी। ओपन सोर्स इंटेलिजेंस विशेषज्ञ डेमीयन साइमन के अनुसार ,भारत ने जिस सटीकता से किराना हिल पर और उसके पहले मियां चन्नू में हमले किए, उससे पाकिस्तान समझ गया कि भारतीय मिशाइलों को उसके बस में नहीं है।
कारगिल युद्ध के बाद भारत ने जिस तरह से रक्षा के क्षेत्र में अपनी सैन्य शक्ति को हथियारों से मिशाइल और प्रशिक्षण तक कई गुना बढ़ाया है। वहीं सुखोई,नए मिग,राफेल,अत्याधुनिक रडार सिस्टम एवं अंतरिक्ष में उपग्रहों के जाल ने परिदृश्य ही बदल दिया है। आज भारतीय सैनिक दुश्मनों की हर छोटी-बड़ी गतिविधियों पर सीधी नजर रखे हुए हैं।
आज से 25 वर्ष पूर्व की कारगिल युद्ध के दिनों की यादें ताजा हैं। तब लोग सड़कों पर निकल कर सैनिकों का सम्मान करते थे। तिरंगे के पीछे लोगों का हुजूम उमड़ पड़ता था, मानो पूरा देश एकजुटता के साथ युद्ध लड़ रहा हो।
कारगिल युद्ध विजय दिवस को मनाते समय हमें देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने की शपथ लेनी चाहिए। वर्तमान समय में परस्पर प्रेम भाव एवं सामाजिक समरसता के जिस नए युग का हम सूत्रपात करेंगे वह हमारे राष्ट्रीय जीवन मूल्यों को नई दिशा प्रदान करेगा। हमारी भारतीय परंपरा एवं संस्कृति का मूल मंत्र भी यही है। आज से 25 वर्ष पूर्व करगिल युद्ध, भारत के लिए एक महत्वपूर्ण घटना थी, जिसने देश की सैन्य शक्ति, राष्ट्रीय एकता और कूटनीतिक स्थिति को मजबूत किया। यह युद्ध भारतीय सशस्त्र बलों की वीरता, दृढ़ संकल्प और बलिदान का प्रतीक है,भारत पाकिस्तान के बीच का यह देशवासियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा। माँ भारती के सपूतों के साहस, वीरता और बलिदान का प्रतीक कारगिल विजय दिवस पर सेना के सभी जवानों के शौर्य और साहस को कोटि-कोटि नमन।
कमल किशोर डुकलान ‘सरल, ग्रीन वैली गली नं 5 सलेमपुर, सुमन नगर, बहादराबाद (हरिद्वार)