देहरादून। उत्तराखण्ड में गर्मी का प्रचण्ड प्रकोप है। पहाड़ से लेकर मैदान तक गर्मी से लोग बेहाल है। लू के थपेड़ों से घर से निकलना दूभर हो गया है। अब तक के सारे रिकॉर्ड गर्मी के ध्वस्त हो चुके हैं। विगत दो सप्ताह से दिन में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक जा रहा है। रात में उमस के कारण घरों में गर्मी से लोगों का बेहाल हैं। देहरादून में सोमवार को अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले केवल 1902 में ही जून में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार गया था।

वहीं, हरिद्वार में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए जाने का दावा किया जा रहा है, जो कि आल टाइम रिकार्ड है। फिलहाल मैदानी क्षेत्रों में गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। सोमवार को कुमाऊं के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बौछारें पड़ीं। वहीं रुड़की, 44.0, 07, देहरादून, 43.1, ऊधमसिंह नगर, 41.6, नैनीताल, 35.9, मुक्तेश्वर, 32.0, टिहरी, 31.4, एवं मसूरी, 30.7 तापमान रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह बताया कि आज उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में ऊंचाई वाले स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। आसपास के निचले इलाकों में गर्जन के साथ झोंकेदार हवाएं और आकाशीय बिजली चमकने की आशंका है। मैदानी क्षेत्रों में लू चलने को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, भीषण गर्मी से 2 दिन बाद राहत मिलने के आसार हैं। जिससे तापमान में कमी आने की उम्मीद जताई गई है। उत्तराखंड में भी गर्मी ने तेवर तल्ख किए हुए हैं। पर्यटक उत्तराखंड में बारिश व थोड़ा राहत वाले मौसम की तलाश में आ रहे हैं। लेकिन गर्मी से पहाड़ों में भी किसी तरह की राहत नजर नहीं आ रही है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा जैसे पहाड़ी जिले भी गर्मी से तप रहे हैं। गर्मी के अलावा आग से धधक रहे जंगलों से पारा चढ़ा हुआ है। जिससे गर्मी का असर बढ़ा हुआ है। हालांकि मौसम विभाग ने अब इन जिलों में बारिश होने का अनुमान जताया है। जबकि देहरादून से हरिद्वार तक मैदानी जिलों में लू जैसे हालात बने हुए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मैदानी जिलों के साथ ही पर्वतीय जिलों में भी आज गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी। रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं गर्म हवा चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।