देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रांतीय सिविल सेवा (पीसीएस) के 11 अधिकारियों के पदभार में बदलाव किया है। पीसीएस बंशीधर तिवारी को महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा तथा पदेन राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा अभियान का जिम्मा दिया गया है। वह अब तक संयुक्त मुख्य प्रशासक, उत्तराखंड आवास व नगर विकास प्राधिकरण तथा उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण, ऊधमसिंह नगर की जिम्मेदारी निभा रहे थे।
वहीं, शासन ने श्रमायुक्त, हल्द्वानी की जिम्मेदारी निभा रही पीसीएस दीप्ति सिंह को अपर सचिव विद्यालय शिक्षा की जिम्मेदारी दी है।
सोमवार देर रात सचिव कार्मिक अरविंद सिंह ह्यांकी द्वारा जारी आदेश में अपर सचिव उदयराज सिंह के दायित्वों में बढ़ोतरी करते हुए उन्हें अपर सचिव गन्ना व चीनी का भी दायित्व सौंपा गया है। पीसीएस हरीश चंद्र कांडपाल का कद बढ़ाते हुए उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण का जिम्मा दिया गया है। पीसीएस जय भारत सिंह को अपर जिलाधिकारी, प्रशासन ऊधम सिंह नगर का दायित्व दिया गया है। वहीं, जगदीश चंद्र कांडपाल को बाध्य प्रतीक्षा में रखा गया है। डिप्टी कलेक्टर कौस्तुभ मिश्रा का तबादला चमोली से ऊधम सिंह नगर किया गया है। कुंभ मेला में उप जिलाधिकारी का दायित्व देख रहे दयानंद सरस्वती को उनके काम का पुरस्कार मिला है। उन्हें नगर आयुक्त नगर निगम हरिद्वार की जिम्मेदारी दी गई है। डिप्टी कलेक्टर राकेश चंद्र तिवारी का तबादला बागेश्वर से ऊधम सिंह नगर किया गया है। डिप्टी कलेक्टर विनोद कुमार का तबादला नैनीताल से देहरादून और डिप्टी कलेक्टर बृजेश कुमार तिवारी का तबादला रुद्रप्रयाग से हरिद्वार किया गया है।