प्रदेश में पिछले 24 घण्टे में 104 संक्रमित मरीज मिले
देहरादून। उत्तराखंड में कोरोना ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। पिछले 24 घण्टे में 104 संक्रमित मरीज मिले। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत भी कोरोना की चपेट में आ गये हैं। मुख्यमंत्री ने खुद इसकी जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से दिया। मुख्यमंत्री के संपर्क में आए लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। संपर्क में आए सभी लोगों से होम आइसालेट होने की अपील की जा रही है। पिछले 10 दिनों के दौरान सीएम तीन दिन हरिद्वार में विभिन्न कार्यक्रमों और बैठक में शामिल हुए थे। कई संत, नेता, अधिकारी, संस्थाओं के पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता उनके संपर्क में आए। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के कोरोना संक्रमित निकलने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। मुख्यमंत्री 11 मार्च को शाही स्नान के दौरान हरकी पैड़ी पहुंचे थे। उन्होंने पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के संतों साथ मां गंगा की पूजा-अर्चना भी की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने 14 मार्च को ऋषिकुल में नेत्र कुंभ का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में भाजपा नेता, आयोजनकर्ता समिति, अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्री महंत नरेंद्र गिरि समेत सैंकड़ों लोग मुख्यमंत्री के सीधे सपंर्क में आए थे।
मुख्यमंत्री ने कनखल स्थित हरिहर आश्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, गन्ना राज्यमंत्री यतीश्वरानंद और जूना पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद से भी मुलाकात की। तीसरी बार मुख्यमंत्री तीरथ रावत 20 मार्च को 120 करोड़ की कुंभ योजनाओं के लोकार्पण और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की थी। इस कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, राज्यमंत्री यतीश्वरानंद, रानीपुर विधायक आदेश चैहान, ज्वालापुर विधायक सुरेश राठौर, दर्जाधारी, राकेश राजपूत, विनोद आर्या, सुशील चैहान और भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. जयपाल चैहान ने मुख्यमंत्री के साथ मंच साझा किया था। केंद्रीय मंत्री समेत सभी नेता समीक्षा बैठक में भी शामिल हुए थे। मुख्यमंत्री ने बैरागी कैंप में भी संतों से भेंट की थी। इससे पहले सुबह मुख्यमंत्री ने ने हरकी पैड़ी में गंगा पूजन किया था। पूजा गंगा सभा के पदाधिकारियों ने संपन्न कराया था। इस दौरान किन्नर अखाड़ा की आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी और अन्य संत मुख्यमंत्री से दो बार मिले थे।
सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसाप्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या 98552 हो गई है। सोमवार को 11732 सैंपलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। प्रदेश में सबसे अधिक हरिद्वार में 43, देहरादून में 36, नैनीताल में आठ, ऊधमसिंह नगर में नौ, पिथौरागढ़ और टिहरी में तीन-तीन, पौड़ी और उत्तरकाशी में एक-एक मरीज सामने आया है। सोमवार को 71 मरीजों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज किया गया। इन्हें मिलाकर 94533 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। संक्रमितों की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या कम होने से सक्रिय मरीज बढ़ रहे हैं। वर्तमान में 894 सक्रिय मरीजों का इलाज चल रहा है।