देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। शनिवार को मौसम ने एक बार फिर मिजाज बदला। शनिवार को मसूरी, धनोल्टी, नैनीताल की ऊंची पहाड़ियों सहित अन्य जिलों में भी बर्फबारी हुई।
केदारनाथ-गंगोत्री सहित चारधाम और ऊंचाई वाली जगहों पर बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के बाद प्रदेश में पारा गिरने से ठंड बढ़ गई है। ऐसे में लोग अपने-अपने घरों में हैं, जिसकी वजह से बाजारों में भीड़ भी कम हो गई। केदारनाथ सहित अनेक ऊंचे स्थानों पर बर्फबारी हुई। इससे केदारनाथ में काफी ठंड होने लगी है। जबकि ऊंचे ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई है। मुख्यालय सहित अनेक शहरी कस्बों में भी ठंड बढ़ गई है। सुबह से ही आसमान में बादल छाने से लोगों को धूप के दर्शन नहीं हो पाए। केदारनाथ, मदमहेश्वर, तुंगनाथ, चन्द्रशिला, चोपता, दुगलविट्टा, सारी, देवरियाताल आदि स्थानों पर बर्फबारी हुई। बर्फबारी के चलते चोपता-गोपेश्वर मार्ग पर आवाजाही प्रभावित हो गई है। बर्फ के कारण यहां वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। वहीं केदारनाथ में बर्फबारी के चलते सन्नाटा पसर गया है। चारों ओर बर्फ ही बर्फ नजर आ रही है। बर्फबारी और बिगड़े मौसम का असर निचले इलाकों में भी देखा जा रहा है। मुख्यालय में ठंड से बचने के लिए लोग कमरों में ही कैद रहे। जबकि कई जगहों पर व्यापारी अलाव के सहारे रहे। जिले के सभी स्थानों पर ठंड से जनजीवन ठिठुरता दिखाई दिया। इधर, ठंड के चलते चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी भी अपने भ्रमण को लेकर मुश्किलों में रहे।
पर्यटन नगरी धनोल्टी में शनिवार दोपहर को बर्फबारी शुरू हो गई। वीकेंड पर हल्की बूंदा-बांदी के बीच धनोल्टी पहुंचे पर्यटक बर्फबारी का इंतजार कर रहे थे, तो इंद्रदेव ने उनकी मुराद पूरी कर दी। बर्फबारी शुरू होते ही पर्यटक सड़कों पर उतर आए और बर्फ का लुत्फ उठाने लगे। बड़ी संख्या में पहुंचे पर्यटकों ने दोपहर बाद हिल स्टेशन धनोल्टी, काणाताला और बुरांशखंडा में खूब आनंद उठाया। बर्फबारी से होटल व्यवसायियों में भी खुशी की लहर देखी गई।
शनिवार को हिल स्टेशन धनोल्टी में पर्यटक सुबह से ही पहुंचने शुरू हो गए थे। दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली और बर्फबारी शुरू हो गई। जिससे सैलानियों के चहरों पर मुस्कान लौट आई और ठिठुरती ठंड में होटलों के कमरों में कैद लोग बाहर सड़कों पर उतर आए। बर्फबारी के साथ उन्होंने खूब मस्ती की और फोटो शूट किए। वीकेंड पर बड़ी संख्या में लोग धनोल्टी पहुंचे थे। जिससे बर्फबारी शुरू होते ही बाजार में सैलानियों का जमावड़ा लग गया।
देखते ही देखते धनोल्टी में आलू फार्म, व्यू प्वाइंट, एप्पल गार्डन, ईको पार्क, सुरकंडा देवी मंदिर, कद्दूखाल, काणाताल और बुरांशखंडा में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई।
धनोल्टी में इस मौसम की चौथी बर्फबारी कृषि बागवानी के लिए भी वरदान साबित होगी और पानी के स्रोत रीचार्ज होने से आने वाले गर्मी के मौसम में लोगों को पेयजल समस्या से निजात मिल सकेगी। हालांकि आठ जनवरी शाम से लगातार तीन-चार दिन बर्फबारी होने से कई गांवों की बिजली गुल होने से उन्हें काफी परेशानियों का सामना भी करना पड़ा था। बावजूद वह उन्हें उम्मीद है कि आने वाली फसल और बागवानी के लिए यह अच्छा संकेत है।
शनिवार सुबह से गोमुख, गंगोत्री ,यमुनोत्री धाम समेत हर्षिल, मुख्बा,धराली,बार्सू, रैथल, अगोड़ा, नचिकेता ताल, जानकी चट्टी, खरसाली सहित मोरी के सांकरी, जखोल, ओसला गंगाड आदि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हुई। जबकि जिला मुख्यालय समेत आस पास के क्षेत्र में बारिश का सिलसिला जारी है। इससे एक बार समूचे जनपद में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लोगों ने ठंड से बचने के लिए अलाव व हीटर का सहारा ले रहे हैं।