सरकारी स्कूलों में स्कूल वैन के जरिए छात्र-छात्राओं को घर से लाया ले जाया जाएगा
अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने द्वाराहाट में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा की आने वाले दिनों में राज्य सरकार शिक्षा में सुधार के लिए कुछ महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रही है। इनमें से सबसे महत्वपूर्ण सुधार प्राइमरी स्तर के उन स्कूलों को क्लब करना है जिनमें छात्रों की संख्या कम है। क्लब करने के बाद प्रत्येक स्कूल में कम से कम पांच- पांच शिक्षक तैनात किए जाएंगे और इन स्कूलों में स्कूल वैन के जरिए छात्र छात्राओं को घर से लाया ले जाया जाएगा। इस दौरान उन्होंने स्थानीय कला के संरक्षण और संवर्धन के लिए 5 करोड़ की निधि देने की घोषणा की। द्वारहाट क्षेत्र के विकास के लिए भी उन्होंने घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा की तड़ागताल में झील निर्माण और चौखुटिया में हवाई पट्टी का निर्माण सरकार करने जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी प्रदेश में बेहतर काम हुए हैं। पूर्व के 1034 डाक्टरों के सापेक्ष आज प्रदेश में 2200 डाक्टर सेवाएं दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा जब सरकार के पांच साल पूरे होंगे तब सभी अस्पतालों में डाक्टर होंगे।
वहीं मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत का शनिवार को रानीखेत के खेरना एवं उपराड़ी में लोगों ने भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने उपराड़ी में जनता को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार का 18 मार्च को 4 साल का कार्यकाल पूर्ण हो जायेगा। इस दौरान राज्य सरकार ने जन अपेक्षाओं को पूर्ण करने के लिए अनेक प्रयास किये। सड़क कनेक्टिविटी के क्षेत्र में अनेक कार्य किये गये हैं। राज्य बनने के बाद 17 साल में सड़कों का जितना निर्माण हुआ, लगभग उतनी सड़कें पिछले 3 साल एवं 10 माह में बनाई गई। महिलाओं के सिर से घास के बोझ को हटाने के लिए राज्य में मुख्यमंत्री घसियारी योजना शुरू की जा रही है। ग्रामीण आर्थिकी में सुधार के लिए अलग-अलग थीम पर ग्रोथ सेंटर विकसित किये जा रहे हैं। कृषकों को 3 लाख तक का एवं स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख रू. तक का ब्याज मुक्त ऋण दिया जा रहा है।