मोदी सरकार-दो के एक वर्ष पूरे होने पर कैबिनेट मंत्री ने गिनाईं उपलब्धियां
पिथौरागढ़़। मोदी सरकार 2.0 के एक वर्ष संपन्न होने पर आज कैबिनेट मंत्री श्री अरविन्द पाण्डेय ने पत्रकार वार्ता में कहा कि मोदी सरकार ने एक वर्ष के दौरान न केवल मिथकों को तोड़ते हुए भ्रम दूर किया, बल्कि दृढ़निश्चय और साहस के साथ विकास के नए मापदंड स्थापित किये हैं। यदि हम कुछ सोच सकते हैं, तो उसे कर भी सकते हैं। इसी का प्रत्यक्ष उदाहरण है, राष्ट्र के सर्वांगीण विकास को दृढ़ संकल्पित प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भाजपा नीत एन.डी.ए. सरकार का स्वर्णिम कार्यकाल। विगत एक साल में मोदी सरकार ने जो निर्णय लिए, भारत के इतिहास और राजनीति में सदैव के लिए बड़ी उपलब्धि के तौर पर दर्ज हो गए हैं।
श्री पाण्डये ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि मोदी सरकार ने जम्मू कश्मीर से धारा 370 के प्रावधानों को निरस्त किया, मुस्लिम बहनों-माताओं को तीन तलाक के अभिशाप से मुक्ति दिलायी, अयोध्या में श्री राम मंदिर के निर्माण के स्वप्न को पूरा किया, नागरिकता संशोधन कानून लागू किया, आतंकवाद पर लगाम के लिए विधि-विरुद्ध क्रियाकलाप (निवारण) संशोधन विधेयक को मंजूरी दी और इसे सदन से पारित कराया। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ पद सृजन का ऐतिहासिक निर्णय लिया, बैंकों का विलय और राहत पैकेज, देश की अर्थव्यवस्था को तेजी से आगे बढ़ाने हेतु लिए गए अनेक ऐतिहासिक निर्णय, आर्थिक सुधारों को और तेज करना तथा भारत को आत्मनिर्भर बनाने हेतु अभियान की शुरुआत, किसानों, श्रमिकों के जीवन स्तर में सुधार हेतु श्रंखलाबद्ध रूप से लिए गए अनेक ऐतिहासिक निर्णय, ऐसी ही धरातल पर अनेक नीतिगत जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित हैं जिनसे आमजनमानस का जीवन स्तर, प्रगति एवं समृद्धि की ओर अग्रसर है। आज जिस प्रकार कोरोना महामारी सर्वत्र व्याप्त है उससे लड़ते हुए भी देश, माननीय प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में एकजुट होकर उभरता हुआ सम्पूर्ण विश्व के सम्मुख है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आम जनमानस के हितों को सदैव सर्वोपरि रखकर भारतीय राजनितिक परिवेश से तुष्टिकरण की राजनीति को बाहर का रास्ता दिखाया। साथ ही सुशासन और पारदर्शिता के साथ देश को विकास के पथ पर अग्रसर किया।