देहरादून। भाजपा ने क्वारंटीन सेंटरों को लेकर कांग्रेस पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। भाजपा ने कहा कि क्वारंटीन सेंटरों में व्यवस्थाएं चुस्त – दुरुस्त रखने के संबंध में प्रदेश सरकार की ओर से जिलों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी अजेंद्र अजय ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से 4 मई को जारी कार्यालय आदेश में सभी जिलों को क्वारंटीन सेंटरों की व्यवस्था को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। इस आदेश में स्पष्ट लिखा गया था कि विद्यालय, पंचायत घर, अन्य सामुदायिक स्थान में क्वारंटीन किए जाने की स्थिति में व्यय की प्रतिपूर्ति राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) से मानकों के अनुरूप ग्राम प्रधान सुसंगत अभिलेखों के साथ जिलाधिकारी को आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रदेश सरकार ने ग्राम प्रधानों के साथ ग्राम सभा में अवस्थित सरकारी विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों या अन्य कार्मिकों की तैनाती सुनिश्चित की और व्यवस्थाओं में होने वाले व्यय को मुख्यमंत्री राहत कोष से वहन करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि क्वारंटीन सेंटरों में सभी सुविधाओं का ध्यान रखा जाए। यदि कार्मिकों की आवश्यकता है तो आउटसोर्सिंग से ले लिए जाएं। यही नहीं वित्त आयोग की सिफारिशों के अनुरूप ग्राम पंचायतों को जारी धनराशि में पंचायतें 20 फीसद राशि कोरोना महामारी से बचाव पर खर्च कर सकती हैं।
भाजपा ने कांग्रेस के स्पीक अप इंडिया अभियान को पूरी तरह पूरी तरह से फ्लॉप बताया
देहरादून। भाजपा ने कांग्रेस के स्पीक अप इंडिया अभियान को पूरी तरह पूरी तरह से फ्लॉप बताया। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस को इस अभियान का नाम स्पीक अप इंडिया की जगह फ्लॉप डाउन कांग्रेस रखना चाहिए था।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी अजेंद्र अजय ने कहा कि कांग्रेस का फेसबुक लाइव के माध्यम से केंद्र व प्रदेश सरकार को घेरने का प्रयास औंधे मुंह गिर गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी कोरोना संकट में लगातार केंद्र और प्रदेश सरकार पर अनर्गल आरोप लगाकर संकीर्ण राजनीति कर रही है। कांग्रेस नेता सरकार को घेरने के लिए हर हथकंडा अपना रहे हैं। कांग्रेस फेसबुक लाइव के माध्यम से सरकार के विरुद्ध दुष्प्रचार का व्यापक स्तर पर अभियान छेड़ना चाहती थी। मगर जनता ने कांग्रेस के झूठे व भ्रामक अभियान को नकार दिया। भाजपा मीडिया प्रभारी अजेंद्र ने उत्तराखंड कांग्रेस के आधिकारिक फेसबुक पेज के स्क्रीनशॉट भी जारी किए। उन्होंने कहा कि सत्य को प्रमाण की जरूरत नहीं होती है। उत्तराखंड कांग्रेस के फेसबुक पेज पर शेयर किए गए पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के वीडियो को मात्र 51 लोगों ने पसंद किया, 14 लोगों ने कमेंट व 10 लोगों ने शेयर किया। इसी प्रकार श्री राहुल गांधी के वीडियो पर मात्र 19 लाइक, 1 कॉमेंट व 2 लोगों द्वारा शेयर किया गया। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के लाइव वीडियो पर 113 लाइक, 21 कमेंट व 9 लोगों द्वारा शेयर किया गया। प्रियंका गांधी के वीडियो को तो मात्र 8 ही लाइक मिल सके।